बलौदाबाजार। सिटी कोतवाली पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 15 किलो 500 ग्राम गांजा, 91 हजार 100 रुपए नकद और प्लास्टिक रैपर बरामद किए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख 96 हजार 100 रुपए बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम खोरसीनाला निवासी आकाश कुरें (20) अपने घर और स्विफ्ट कार क्रमांक CG 22 AC 0325 में गांजा रखकर बेचता था। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसके घर दबिश दी। तलाशी के दौरान रसोई के छज्जे के ऊपर और कार की डिग्गी से गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आकाश ने पुलिस को बताया कि उसे गांजा भूषण कुमार यादव (29) निवासी गनियारी-भानपुर सप्लाई करता था। इसके बाद पुलिस टीम ने गिरौदपुरी क्षेत्र में दबिश देकर भूषण को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में भूषण ने आकाश को गांजा उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में NDPS एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के तहत अपराध दर्ज किया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में की गई।




