दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नाबालिग की हत्या के मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और आम लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है। आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में 27 सितंबर 2026 को दुर्ग सिटी कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 541/2026 दर्ज किया गया था। प्रकरण भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या से संबंधित है। मामले में रविदास मानिकपुरी (22), निवासी लुचकीपारा, वार्ड क्रमांक 7, थाना सिटी कोतवाली दुर्ग, फरार बताया गया है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस फरार आरोपी का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उसकी गिरफ्तारी में मददगार साबित होने वाली महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने के उद्देश्य से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने वाले को निर्धारित शर्तों के अनुसार इनाम दिया जाएगा।
इन नंबरों पर दें सूचना
फरार आरोपी के संबंध में जानकारी देने के लिए पुलिस ने संपर्क नंबर जारी किए हैं।
- पुलिस नियंत्रण कक्ष, दुर्ग: 94791-92099
- थाना सिटी कोतवाली, दुर्ग: 94791-92019
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आरोपी के बारे में उपलब्ध जानकारी साझा कर उसकी गिरफ्तारी में सहयोग करें।




