इजराइल। भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें ‘प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज़्म’ से सम्मानित करने की घोषणा की है। यह सम्मान नागरिक वीरता के लिए इजराइल के सर्वोच्च सम्मानों में से एक बताया गया है।
यह भी पढ़े :- शारदीय नवरात्र में हाथी पर सवार होकर आएंगी मां दुर्गा, वृषभ समेत 3 राशियों को मिल सकते हैं शुभ संकेत
कैप्टन स्मित ने फ्लाईदुबई के एक विमान के कॉकपिट में हुए हमले के दौरान असाधारण साहस दिखाया था। हमले में गंभीर रूप से घायल होने और काफी खून बहने के बावजूद उन्होंने ऐसी स्थिति में भी हिम्मत नहीं हारी। उनकी सूझबूझ और साहस से विमान में सवार 174 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों की सुरक्षा में अहम मदद मिली।
इजराइली राष्ट्रपति ने स्पष्ट किया है कि कैप्टन स्मित के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उन्हें सम्मानित किया जाएगा। फिलहाल उनका संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कॉकपिट में हमले के बाद भी नहीं हारे हौसला
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, विमान के कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छर पर उनके सह-पायलट हम्माम अल-हम्मामी ने क्रैश-एक्स से हमला किया था। हमले में भारतीय पायलट गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे विमान में मौजूद इजराइली यात्री अंदर पहुंच सके और हमलावर को काबू करने में मदद कर सके।
इस घटनाक्रम के दौरान कैप्टन स्मित की सूझबूझ और पेशेवर दक्षता ने स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गंभीर चोटों के बावजूद उनका साहस यात्रियों की सुरक्षा के लिए निर्णायक साबित हुआ।
राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने की बहादुरी की सराहना
इजराइल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने कैप्टन स्मित मच्छर के जल्द और पूरी तरह स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि उनकी बहादुरी और पेशेवर क्षमता ने एक बड़ी दुर्घटना को टालने में मदद की।
राष्ट्रपति ने कहा कि स्मित के स्वस्थ होने के बाद उन्हें इजराइल के लोगों की ओर से ‘प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज़्म’ प्रदान करना उनके लिए सम्मान की बात होगी। उन्होंने यह भी कहा कि इजराइल में सम्मानित किए जा रहे अन्य नायकों के साथ भारतीय पायलट के साहस को भी याद किया जा रहा है।
भारतीय पायलट की बहादुरी को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय सम्मान
कैप्टन स्मित मच्छर की यह घटना संकट के समय धैर्य, साहस और जिम्मेदारी का उदाहरण बनकर सामने आई है। कॉकपिट जैसी संवेदनशील जगह पर हुए हमले के बावजूद उन्होंने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। अब इजराइल की ओर से सम्मान की घोषणा ने उनके साहस को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
कैप्टन स्मित के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद सम्मान समारोह आयोजित किए जाने की बात कही गई है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ इस घोषणा को भारतीय पायलट की बहादुरी के प्रति एक महत्वपूर्ण सम्मान के रूप में देखा जा रहा है।




