रायपुर। राजधानी के दतरेंगा इलाके में प्रेमिका से बातचीत को लेकर हुए विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई है। सागर साहू पर लीलाराम साहू पर धारदार चाकू से हमला करने का आरोप है। वारदात में लीलाराम गंभीर रूप से घायल हुआ है, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे दो अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।
यह भी पढ़े :- साधु बनकर घर पहुंचे ठग, पूजा-पाठ के नाम पर 150 ग्राम सोना और 9 हजार रुपये ठगे
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी ने लीलाराम के पेट पर वार करने की कोशिश की। बचने के दौरान चाकू के वार कमर-कूल्हे के नीचे पैर में लगे। उसके हाथ की उंगली में भी चोट आई है। लीलाराम को 112 वाहन की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के दौरान राकेश साहू और परमानंद साहू बीच-बचाव करने पहुंचे, तो आरोपी ने कथित तौर पर उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। दोनों को चोटें आई हैं।
घटना के बाद आरोपी सागर साहू मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मुजगहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।




