कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लोकहड़ा में महिला की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के पड़ोसी सहस राम मिंज को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला के अपनी पत्नी और छोटे भाई की पत्नी को शराब पिलाने से नाराज था। इसी बात को लेकर उसने वारदात को अंजाम दिया।
यह भी पढ़े :- बैंक कर्मचारियों की 3 दिन की हड़ताल टली
हत्या की जांच में डॉग स्क्वॉड के ‘बाघा’ ने अहम भूमिका निभाई। घटनास्थल से सुराग लेने के बाद बाघा करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित एक घर तक पहुंचा, जहां पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया।
खेत के पास मिला था महिला का शव
मामला 23 सितंबर का है। ग्राम लैंगा के पास स्थित ग्राम लोकहड़ा में 24 वर्षीय सुखमनिया एक्का का शव खेत के पास संदिग्ध अवस्था में मिला था। महिला के सिर पर पत्थर से वार कर हत्या की गई थी। सूचना मिलने पर पसान थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक, साइबर और डॉग स्क्वॉड की टीम को जांच में लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मौके से खून से सना पत्थर भी बरामद किया गया।
‘बाघा’ ने पुलिस को पहुंचाया आरोपी के घर
लोकहड़ा वनांचल क्षेत्र में बसा गांव है, जहां छोटी पहाड़ियों और दुर्गम रास्तों के कारण तकनीकी एवं संचार सुविधाएं सीमित हैं। ऐसे में पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली। डॉग बाघा ने घटनास्थल से सुराग लेने के बाद ऊबड़-खाबड़ रास्तों से होते हुए करीब आधा किलोमीटर दूर एक घर तक पुलिस को पहुंचाया।
पुलिस ने घर में रहने वाले सहस राम को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करता रहा, लेकिन पूछताछ के दौरान पुलिस को उसके बयानों में विरोधाभास मिले।
पत्नी और भाभी को शराब पिलाने से था नाराज
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सहस राम मिंज ने हत्या की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि मृतका सुखमनिया एक्का उसकी पत्नी की सहेली थी और दोनों के घर करीब 50 मीटर की दूरी पर हैं। आरोपी के मुताबिक सुखमनिया शराब का सेवन करती थी और उसकी पत्नी के साथ उसके छोटे भाई की पत्नी को भी शराब पिलाती थी।
इसी बात को लेकर आरोपी नाराज था। पुलिस का कहना है कि इसी विवाद के चलते उसने सुखमनिया की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।




