कांकेर। शहर के रिहायशी इलाके गोविंदपुर में जंगली भालुओं की बढ़ती आवाजाही ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रात होते ही भालुओं के रिहायशी क्षेत्र में पहुंचने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसी बीच बीती रात एक भालू अचानक एक घर के अंदर घुस गया, जिसके बाद परिवार के लोग सहमकर घर के भीतर ही छिपे रहे।
यह भी पढ़े :- संजय अग्रवाल समेत 3 नेताओं को राज्य मंत्री का दर्जा, शासन ने जारी किया आदेश
बताया जा रहा है कि भालू भोजन की तलाश में घर में दाखिल हुआ था। घर के अंदर पहुंचने के बाद उसने आसपास रखी चीजों को सूंघकर भोजन तलाशने की कोशिश की। कुछ देर तक घर में घूमने के बाद भालू वहीं आराम करता हुआ नजर आया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने किसी तरह खुद को सुरक्षित रखा और बाहर निकलने से बचते रहे।
भालू के घर के भीतर मौजूद होने की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में भी हड़कंप मच गया। परिवार के सदस्यों ने दूर से इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
पहले भी घरों तक पहुंच चुके हैं भालू
गोविंदपुर क्षेत्र में भालुओं की मौजूदगी कोई नई बात नहीं है। स्थानीय लोगों के मुताबिक भोजन और पानी की तलाश में भालू कई बार रिहायशी इलाके में पहुंच चुके हैं। कुछ मामलों में भालुओं ने घरों के दरवाजे तक क्षतिग्रस्त कर दिए हैं। लगातार बढ़ती घटनाओं के कारण शाम ढलने के बाद लोग घरों से बाहर निकलने में भी सावधानी बरत रहे हैं।
स्थानीय रहवासियों का कहना है कि जंगल से लगे इलाकों में वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ने के कारण लोगों में भय का माहौल है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर परिवार चिंतित हैं।
वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग
रिहायशी क्षेत्र में बार-बार भालुओं के पहुंचने की घटनाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों ने वन विभाग से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। रहवासियों का कहना है कि केवल भालुओं को मौके से खदेड़ने के बजाय उनकी रिहायशी इलाके में लगातार हो रही आवाजाही के कारणों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।
लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने, भालुओं की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें आबादी वाले क्षेत्र से दूर रखने के लिए जरूरी उपाय करने की मांग की है। फिलहाल घर में भालू घुसने की घटना के बाद गोविंदपुर के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।




