बिलासपुर। शहर में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पथराव और उपद्रव के मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने अब तक 16 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। पूछताछ और जांच के बाद इनमें से 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और तलाश में जुटी है।
ड्रोन और CCTV फुटेज से उपद्रवियों की पहचान
पुलिस घटना के दौरान बनाए गए वीडियो, CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग और ड्रोन फुटेज की मदद से पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। फुटेज में नजर आ रहे संदिग्धों की पहचान के बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जांच के आधार पर अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
TI समेत 9 पुलिसकर्मी घायल
दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पथराव और बवाल में बदल गया था। स्थिति को नियंत्रित करने पहुंची पुलिस टीम पर भी पथराव किया गया। इस दौरान TI समेत 9 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
वहीं, घटना में दोनों पक्षों के दो दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।
कोतवाली क्षेत्र में धारा 163 लागू
घटना के बाद एहतियात के तौर पर कोतवाली थाना क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की गई है। प्रशासन और पुलिस की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। घटना से जुड़े वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।




