कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। मामूली बात पर शराब के नशे में भतीजे ने अपनी मौसी पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम पुरैना का है।
यह भी पढ़े :- झीरम पर भूपेश के सवालों पर CM साय का पलटवार- ‘5 साल मुख्यमंत्री रहे, तब क्या किया?’
जानकारी के मुताबिक, 45 वर्षीय तीरथराम यादव शराब के नशे में कहीं से घूमकर अपने घर पहुंचा था। घर में उसकी 55 वर्षीय मौसी मोहन कुंवर बाई मौजूद थीं। बताया जा रहा है कि मौसी ने उसे बेवजह इधर-उधर घूमने, रोज शराब पीने और देर से घर आने को लेकर डांट लगाई।
मौसी की फटकार आरोपी को इतनी नागवार गुजरी कि वह गुस्से में आ गया। घर में रखी आग जलाने वाली लकड़ी और डंडे से उसने मोहन कुंवर बाई के सिर पर कई बार हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
शराब के नशे में वारदात
घटना के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी हुई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पुरैना गांव में मोहन कुंवर बाई की हत्या उनके भतीजे तीरथराम यादव ने की है। आरोपी घटना के समय शराब के नशे में था और सामान्य विवाद के बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




