नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया। नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ महिलाओं और विभिन्न राज्यों के नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
यह भी पढ़े :- डकैती की तीन वारदातों का खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार; नाबालिग भी पकड़ा गया
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। स्मृति ईरानी को उत्तर प्रदेश का प्रभारी महामंत्री भी बनाया गया है।
13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
भाजपा की नई टीम में कुल 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इनमें वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, डॉ. भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, प्रो. एम. नागराज, प्रो. तारिक मंसूर और डॉ. मधुचंद्र कर शामिल हैं।
आठ राष्ट्रीय महामंत्री
पार्टी ने आठ नेताओं को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया है। इनमें स्मृति ईरानी के अलावा विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया शामिल हैं।
वहीं, बीएल संतोष राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) के पद पर बने रहेंगे। शिवप्रकाश और सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी दी गई है।
पीयूष गोयल बने राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि राजेश मंगल को राष्ट्रीय सह कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
संगठन में इन नेताओं को भी मिली जिम्मेदारी
तरुण चुघ को केंद्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया है। संबित पात्रा को नॉर्थ ईस्ट संयोजक की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा पार्टी के विभिन्न संगठनात्मक और संपर्क प्रकोष्ठों में भी नेताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
भाजपा की नई टीम में आगामी चुनावों को देखते हुए क्षेत्रीय संतुलन और संगठनात्मक मजबूती पर विशेष जोर दिया गया है। नई नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।




