रायपुर। भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने ‘भिलाई बचाओ पदयात्रा’ निकाली। भिलाई से शुरू हुई यह पदयात्रा टाटीबंध पहुंची, जहां से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता रायपुर की ओर रवाना हुए। यात्रा का समापन राजभवन में ज्ञापन सौंपकर किया जाना प्रस्तावित है।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ सचिवालय में प्रशासनिक फेरबदल, दो अवर सचिवों के विभाग बदले
कांग्रेस का कहना है कि यह पदयात्रा भिलाई स्टील प्लांट के कथित निजीकरण, रोजगार में कमी, टाउनशिप से जुड़ी समस्याओं और कर्मचारियों के हितों की रक्षा की मांग को लेकर आयोजित की गई है। पार्टी का आरोप है कि सरकार की नीतियों के कारण बीएसपी और उससे जुड़े हजारों कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों के हित प्रभावित हो रहे हैं।
कार्यक्रम के तहत सुबह कांग्रेस कार्यकर्ता टाटीबंध स्थित भारत माता स्कूल के पास एकत्र हुए, जहां से पदयात्रा कांग्रेस कार्यालय की ओर रवाना हुई। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए सरकार का विरोध जताया।
पदयात्रा के बाद शंकर नगर स्थित राजीव भवन और गांधी मैदान स्थित कांग्रेस भवन में शहीद महेंद्र कर्मा की जयंती पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने महेंद्र कर्मा के राजनीतिक जीवन और आदिवासी समाज के लिए उनके योगदान को याद किया।
कांग्रेस ने दिनभर के कार्यक्रमों के साथ स्मार्ट मीटर के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। पार्टी की ओर से शाम को शहर के दो वार्डों में स्मार्ट मीटर बदलवाने के लिए आवेदन फॉर्म वितरण अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पंडित जवाहरलाल नेहरू ब्लॉक के श्याम नगर और लेफ्टिनेंट अरविंद दीक्षित ब्लॉक के अरविंद नगर में शिविर लगाए जाएंगे, जहां लोगों को आवेदन फॉर्म उपलब्ध कराने के साथ पूरी प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पार्टी जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार आंदोलन जारी रखेगी और सरकार पर जनता की समस्याओं के समाधान के लिए दबाव बनाएगी।



