रायपुर। राष्ट्रीय सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अवैध प्रवासियों और किरायेदारों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान थाना सिलतरा क्षेत्र में 600 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों के दस्तावेजों की जांच की गई तथा संदिग्ध लोगों का सत्यापन किया गया।
यह भी पढ़े :- भूतेश्वरनाथ महादेव: गरियाबंद का चमत्कारी शिवलिंग, जो हर साल बढ़ता है आधा इंच
पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा और एसडीओपी (माना) लम्बोदर पटेल के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया गया। पुलिस टीम ने औद्योगिक क्षेत्र में रह रहे श्रमिकों, किरायेदारों और अन्य राज्यों से आकर निवास एवं कार्य कर रहे लोगों के पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक जानकारी एकत्र की।
विशेष अभियान के तहत सांकरा स्थित जे.के. वीडियो हॉल परिसर में लगभग 600 किरायेदारों का भौतिक सत्यापन किया गया। पुलिस ने मकान मालिकों और परिसर प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना पुलिस सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराये पर कमरा या आवास उपलब्ध न कराया जाए। साथ ही बाहरी व्यक्तियों की जानकारी समय-समय पर पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया।
जांच के दौरान छह संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनका विस्तृत सत्यापन और पूछताछ की गई। पुलिस ने बताया कि उनके संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है और वैधानिक प्रक्रिया के तहत आगे की जांच जारी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा ने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से किरायेदार एवं अवैध प्रवासी सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति, अवैध प्रवासी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस या टोल-फ्री हेल्पलाइन 1800-233-1905 पर सूचना दें, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।



