जगदलपुर। बस्तर जिले के कोड़ेनार थाना में पदस्थ महिला आरक्षक तिलेश्वरी साहू को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। ट्रैक्टर सुपुर्दगी के बदले रिश्वत मांगने की शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए आरोपी आरक्षक को धर दबोचा।
यह भी पढ़े :- रायपुर में CA ऑफिस से लाखों की चोरी का खुलासा, 30 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले एक सड़क दुर्घटना के मामले में कोड़ेनार पुलिस ने एक ट्रैक्टर जब्त किया था। बाद में न्यायालय ने ट्रैक्टर मालिक बंगालु यादव के पक्ष में सुपुर्दनामा जारी करते हुए वाहन वापस सौंपने का आदेश दिया।
आरोप है कि अदालत के आदेश के बावजूद महिला आरक्षक तिलेश्वरी साहू ट्रैक्टर छोड़ने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रही थी। वाहन मालिक ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की, जिसके बाद एसीबी ने मामले का सत्यापन किया।
शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी की टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता जैसे ही महिला आरक्षक को रिश्वत की राशि देने पहुंचा और उसने पैसे स्वीकार किए, उसी समय पहले से मौजूद एसीबी अधिकारियों ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम आरोपी महिला आरक्षक से पूछताछ कर रही है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसीबी अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगने और लेने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा भ्रष्टाचार के मामलों में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



