कांकेर। जिले में रसूखदारों और राजनीतिक संगठन से जुड़े युवाओं द्वारा बीच सड़क पर जन्मदिन मनाने का चलन थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती देर रात भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के शहर मंडल अध्यक्ष का जन्मदिन कलेक्टरेट रोड पर बीच सड़क में मनाया गया। इस दौरान यातायात नियमों को ताक पर रखकर केक काटा गया और जमकर आतिशबाजी की गई। अब इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बीच सड़क पर टेबल लगाकर काटा केक
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वीआईपी इलाके में शामिल कलेक्टरेट रोड की मुख्य सड़क पर बाकायदा टेबल लगाकर जन्मदिन का केक काटा गया। इस दौरान भाजयुमो के कई युवा नेता और दर्जनों कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे। केक कटिंग के बाद देर रात तक बीच सड़क पर ही पटाखे फोड़े गए और आतिशबाजी की गई, जिससे कुछ देर के लिए मार्ग पर आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय, पुलिस-प्रशासन मौन
सार्वजनिक सड़क को घेरकर इस तरह के आयोजन करने को लेकर अब सोशल मीडिया पर आम नागरिकों द्वारा सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि सत्ता पक्ष से जुड़े होने के कारण नियमों की सरेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। देर रात हुए इस हंगामे और यातायात बाधित होने के बाद भी अब तक प्रशासन या पुलिस विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान या कार्रवाई सामने नहीं आई है।



