रायगढ़ : एक तरफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में महिला से प्रताड़ना और राजद्रोह और राष्ट्रीय एकता के प्रतिकूल अभिकथन देने जैसे गंभीर धाराओं में आरोपित वसीम मोहम्मद निवासी जोगीडिपा रायगढ़ पर दर्ज महिला थाना रायगढ़ के प्रकरण की विवेचना तेज़ी लाई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी उन्नति ठाकुर के सुपरविजन में विवेचना थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस को सौंपी गई थी।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र शुरू! मंत्री पहुंचे पिंक ई-रिक्शा से, सदन में हंगामे के आसार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29 मई 2026 को एक स्थानीय महिला ने महिला थाना रायगढ़ में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी मोहम्मद वसीम के द्वारा उसे शारीरिक और मानसिक रूप से काफी प्रताड़ित किया गया है। तथा उसके नाबालिग पुत्र को “पाकिस्तान जिंदाबाद” और “हिंदुस्तान मुर्दाबाद” जैसे भारत विरोधी नारे सिखाए गए, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। महिला द्वारा लिखित शिकायत महिला थाना रायगढ़ में प्रस्तुत करने पर आरोपित वसीम मोहम्मद के विरूद्ध अपराध क्रमांक 52/2026 के तहत धारा 85, 351, 152 एवं 197 भारतीय न्याय संहिता तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 की धारा 4 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना में पुलिस को ज्ञात हुआ कि आरोपी मोहम्मद वसीम (43 वर्ष), निवासी जोगीडीपा, रायगढ़ को 25 मई 2026 को लगभग 6 किलोग्राम गांजा के साथ सिटी कोतवाली रायगढ़ की पुलिस ने गिरफ्तार होकर एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में जिला जेल रायगढ़ में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध है।
महिला थाने के उक्त गंभीर अपराध में आरोपी की आवश्यकता पर विवेचना के लिए निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस द्वारा माननीय न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर आरोपी को जिला जेल रायगढ़ से एक दिन की पुलिस अभिरक्षा में लिया गया ।
पुलिस टीम के द्वारा आरोपी को घटनास्थल ले जाकर आवश्यक पूछताछ, स्थल निरीक्षण एवं अन्य वैधानिक विवेचना की गई। इस दौरान आरोपी ने “हिंन्दुस्तान जिंदाबाद, पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगाए। इधर पुलिस रिमांड अवधि पूर्ण होने के पश्चात आरोपी को पुनः माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार प्रकरण की विवेचना अभी जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वही संबंधित मामले में तब नया मोड़ आ गया जब अपने पति अर्थात आरोपी पर गंभीर आरोप लगाने वाली प्रार्थिया महिला ने सोशल मीडिया में एक नया वीडियो डाल कर अपने पति वसीम को निर्दोष बताया साथ ही अपनी शिकायत के विषय में कहा कि वह क्षणिक आवेश में आकर वह शिकायत की थीं। उसका पति वसीम निरोध है। शहर के लोग और पुलिस उसे परेशान न करें।
इस मामले मेंसबसे बुरी स्थिति हिन्दूवादी संगठन बजरंग दल की हो गई है। जिसमें उक्त मामले को लव जिहाद से जोड़कर पूरे शहर में जमकर प्रदर्शन किया था।


