इटारसी। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले स्थित इटारसी रेलवे जंक्शन पर बड़ा हादसा हो गया। आउटर सिग्नल पर खड़ी मंगला एक्सप्रेस की छत पर चढ़ा एक युवक ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) लाइन की चपेट में आ गया। हाई वोल्टेज करंट लगते ही तेज धमाका हुआ और युवक ट्रेन की छत से नीचे गिर पड़ा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- CG Police Transfer List : ब्रेकिंग…छत्तीसगढ़ पुलिस में बड़ा फेरबदल…! दूसरी ट्रांसफर लिस्ट जारी…16 अफसर इधर से उधर
जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान 28 वर्षीय धन बहादुर के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल का निवासी है। वह पत्नी नेहा और दो छोटे बच्चों के साथ मजदूरी के लिए गोवा जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मंगला एक्सप्रेस इटारसी स्टेशन से आगे सी-केबिन के पास आउटर सिग्नल पर खड़ी थी। इसी दौरान धन बहादुर अचानक ट्रेन की छत पर चढ़ गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए आवाज लगाई, लेकिन इससे पहले कि उसे रोका जा सके, वह ओएचई लाइन के करीब पहुंच गया। हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आते ही तेज धमाका हुआ और वह नीचे गिर पड़ा।
हादसे के बाद रेलवे पुलिस, रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इटारसी के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि वह 70 प्रतिशत से अधिक झुलस चुका है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे नर्मदापुरम जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।
घायल की पत्नी नेहा ने बताया कि दिल्ली से यात्रा शुरू करने के बाद से ही उसके पति का व्यवहार असामान्य लग रहा था। वह रास्ते भर उल्टी-सीधी बातें कर रहा था। परिवार शिमला से दिल्ली होते हुए गोवा जा रहा था। इटारसी के पास अचानक वह ट्रेन की छत पर चढ़ गया, जिसके बाद यह हादसा हो गया।
फिलहाल रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।



