रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भाजपा विधायक दल की बैठक बुलाई है। यह बैठक आज शाम 7 बजे नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित होगी। भाजपा विधायक दल के सचिव ने सभी पार्टी विधायकों को बैठक में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में 13 जुलाई से शुरू होने वाले विधानसभा के मानसून सत्र की रणनीति, सरकार की तैयारियों और सदन में उठाए जाने वाले प्रमुख मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अलावा राज्य सरकार की विभिन्न महत्वपूर्ण योजनाओं और समसामयिक विषयों पर भी मंथन होने की संभावना है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार शाम राजभवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका से भी मुलाकात की थी। इसके बाद अब मानसून सत्र से पहले भाजपा विधायक दल की यह अहम बैठक आयोजित की जा रही है।
13 जुलाई से शुरू होगा मानसून सत्र
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 जुलाई से शुरू होकर 17 जुलाई तक चलेगा। पांच दिवसीय इस सत्र में कुल पांच बैठकें आयोजित होंगी। सत्र के दौरान वित्तीय कार्यों के साथ-साथ विभिन्न शासकीय कार्यों और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।



