बिलासपुर। जिले के कोटा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भाड़म में एक हृदयविदारक हादसे में खेत में करंट लगने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में मां और उसके दो बेटे शामिल हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- Chintan Shivir 3.0 : विकसित छत्तीसगढ़ का रोडमैप तैयार करेगा दो दिवसीय चिंतन शिविर…! CM विष्णु देव साय ने किया शुभारंभ
पुलिस के अनुसार, ग्राम भाड़म निवासी दसन बाई शुक्रवार सुबह अपने खेत में जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए मेड़ पर जीआई तार और नायलॉन रस्सी से घेराबंदी करने गई थीं। उनके साथ बड़ा बेटा विवेक सिंगरौल (23) और छोटा बेटा सत्यव्रत सिंगरौल (14) भी मौजूद था।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान जीआई तार किसी तरह विद्युत प्रवाहित तार के संपर्क में आ गया, जिससे तीनों करंट की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना तेज था कि उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला और तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।
खेत पहुंचे पति के सामने था दर्दनाक मंजर
मृतका के पति सीताराम सिंगरौल, जो पेशे से चालक हैं, घटना के समय काम पर गए हुए थे। शाम को घर लौटने पर पत्नी और दोनों बेटे घर पर नहीं मिले। उन्होंने पहले आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद जब वे खेत पहुंचे तो वहां पत्नी और दोनों बेटों के शव पड़े मिले। यह हृदयविदारक दृश्य देखकर उन्होंने तत्काल कोटा थाना पुलिस को सूचना दी।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही कोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम होने के कारण शुक्रवार को पोस्टमार्टम नहीं कराया जा सका। शनिवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



