बलौदाबाजार। जिले के पलारी थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक शराब दुकान में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे और ड्यूटी से लौटते समय तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन की चपेट में आ गए।
यह भी पढ़े :- आकाशीय बिजली का कहर: इमली के पेड़ पर गिरी बिजली, 6 साइबेरियाई पक्षियों की मौत
पुलिस के अनुसार, हादसा पलारी थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया के पास हुआ। दुर्घटना में मृतकों की पहचान सत्यप्रकाश सोनवानी (34), निवासी खोरसीनाला लवन रोड, और गोपी किशन आडिल (25), निवासी ग्राम सोनपुरी, के रूप में हुई है। दोनों सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के निवासी थे और पलारी क्षेत्र के संडी स्थित शराब दुकान में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात दोनों युवक बाइक से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घोटिया के पास एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद पलारी थाना पुलिस ने शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही कैप्सूल वाहन और उसके चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे से दोनों मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की विवेचना कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



