रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने देशभर के महंगे होटलों को निशाना बनाकर ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय ठग को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने देश के 10 से अधिक राज्यों में 300 से ज्यादा फाइव स्टार होटलों को अपना शिकार बनाया था। रायपुर के एक प्रतिष्ठित होटल में ठगी की घटना को अंजाम देने के महज 72 घंटे के भीतर पुलिस ने उसे उड़ीसा के भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़े :- रायपुर पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतर्राज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का पर्दाफाश, 20 साल की सजा पा चुका तस्कर फिर गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिंगसन जॉन (69 वर्ष), निवासी तूतीकोरिन (तमिलनाडु) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले तीन दशक से देशभर के लग्जरी होटलों में ठगी करता आ रहा है और तिहाड़ जेल सहित विभिन्न राज्यों की जेलों में करीब 15 वर्ष तक सजा काट चुका है।
होटल हयात में लगाया लाखों का चूना
मामला रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित होटल हयात का है। होटल के सुरक्षा प्रभारी सूरज सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 25 जून को बिंगसन जॉन होटल में ठहरा था। 27 जून की सुबह वह बिना चेक-आउट किए होटल से फरार हो गया।
आरोप है कि उसने होटल का 63,755 रुपये का बिल जानबूझकर नहीं चुकाया और विशेष अनुरोध पर किराये पर लिया गया लगभग 1.48 लाख रुपये मूल्य का लैपटॉप भी अपने साथ ले गया। होटल प्रबंधन ने उससे कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले।
शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच से भुवनेश्वर तक पहुंची पुलिस
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और डीसीपी (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी के मोबाइल नंबर और होटल में जमा दस्तावेजों का तकनीकी विश्लेषण किया।
जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन उड़ीसा के भुवनेश्वर में मिली। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से होटल का लैपटॉप भी बरामद कर लिया गया।
खुद को बताता था विदेशी गाइड और योगा टीचर
पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह खुद को कभी फॉरेन ट्रैवल गाइड, कभी इंग्लिश टीचर तो कभी योगा टीचर बताकर महंगे होटलों में आसानी से कमरा हासिल कर लेता था।
होटल में कई दिनों तक रुककर सभी सुविधाओं का इस्तेमाल करता, होटल के महंगे उपकरण अपने कब्जे में ले लेता और फिर बिना बिल चुकाए फरार हो जाता था। पुलिस के मुताबिक आरोपी केवल फाइव स्टार और लग्जरी होटलों को ही अपना निशाना बनाता था।
चार्ल्स शोभराज से था प्रभावित
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया कि बिंगसन जॉन कुख्यात ठग Charles Sobhraj से प्रभावित था। उसने बताया कि वर्ष 1996 में पहली बार तिहाड़ जेल गया था, जहां कई बड़े अपराधियों के संपर्क में आया। इसके बाद उसने लग्जरी होटलों को ठगी का माध्यम बना लिया।
आरोपी ने स्वीकार किया कि वर्ष 1990 से अब तक वह 300 से अधिक होटलों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसका अधिकांश जीवन या तो जेलों में या फिर महंगे होटलों में बीता है।
कई राज्यों में दर्ज हैं अपराध
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ दिल्ली, तमिलनाडु, कर्नाटक, ओडिशा, महाराष्ट्र सहित देश के 10 से अधिक राज्यों के महानगरों में ठगी और चोरी के अनेक मामले दर्ज हैं। उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि का विस्तृत रिकॉर्ड संबंधित राज्यों से मंगाया जा रहा है।
फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है। रायपुर पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि उसने हाल के दिनों में छत्तीसगढ़ या आसपास के अन्य राज्यों के किन-किन होटलों को निशाना बनाया था। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में कई और पुराने मामलों का खुलासा हो सकता है।



