रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजनीति से एक बड़ी खबर सामने आई है। Bharatiya Janata Party युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने न केवल अपने पद से, बल्कि पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी त्यागपत्र देकर राजनीतिक हलकों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
यह भी पढ़े :- प्रदेश भाजपा कार्यालय ‘सहयोग केंद्र’ जनदर्शन में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सुनीं लोगों की समस्याएं
जानकारी के मुताबिक, अपने इस्तीफे में रवि भगत ने भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश होता को संबोधित करते हुए लिखा है कि एक छोटे गांव के कार्यकर्ता को पार्टी ने पहचान और सम्मान दिया, जिसके लिए वे संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। हालांकि, उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ने का निर्णय लिया है।

बताया जा रहा है कि इस्तीफे की प्रतिलिपि Bharatiya Janata Party के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष को भी भेजी गई है। इसके बाद यह मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। रवि भगत का इस्तीफा सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, हालांकि अभी तक पार्टी संगठन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
सूत्रों के अनुसार, रवि भगत पिछले कुछ समय से पार्टी के प्रति अपनी नाराजगी खुलकर जाहिर कर रहे थे। हाल के दिनों में उन्होंने कई मुद्दों पर पार्टी नेतृत्व की कार्यशैली को लेकर सवाल भी उठाए थे। ऐसे में उनके इस फैसले को संगठन के भीतर चल रहे असंतोष और आंतरिक मतभेदों से जोड़कर देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि रवि भगत Bharatiya Janata Yuva Morcha के राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं और संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका रही है। उनके इस्तीफे के बाद प्रदेश की राजनीति में कई तरह की अटकलें तेज हो गई हैं।



