कोरबा। शहर के पावर हाउस रोड स्थित पैसा वसूल क्लॉथ स्टोर में भीषण आग लग गई। दुकान से उठती आग की लपटें और घना धुआं देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने में जुट गई।
यह भी पढ़े :- पत्नी को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने वाले पति को उम्रकैद, रायपुर कोर्ट ने सुनाई सजा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण बाजार की अधिकांश दुकानें बंद थीं। देर रात करीब 12 बजे स्थानीय लोगों ने क्लॉथ स्टोर से धुआं निकलता देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर दुकान संचालक भी मौके पर पहुंच गया।
जब तक दमकल की टीम पहुंची, तब तक आग पूरी दुकान में फैल चुकी थी और अंदर रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो गया था। फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
राहत की बात यह रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे आसपास की अन्य दुकानों तक आग नहीं फैल सकी और बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। वहीं, दुकान में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



