रायपुर/कोरिया। कोरिया जिले में भाजपा नेता समेत तीन लोगों की हत्या के चर्चित मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने CBI जांच को मंजूरी दे दी है। पीड़ित परिवार लगातार मामले की केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की मांग कर रहा था।
यह भी पढ़े :- ड्रग्स सिंडिकेट मामले में ED की एंट्री, ‘ड्रग्स क्वीन’ नाव्या मलिक केस की होगी मनी ट्रेल जांच
गौरतलब है कि 16 जून की रात नौगई गांव में कथित रेत तस्करी विवाद के दौरान आरोपियों ने एक फॉर्च्यूनर वाहन में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। वाहन में एक ही परिवार के पांच लोग सवार थे। इस घटना में भाजपा नेता लल्ला सिंह और नागेंद्र सिंह की जलकर मौत हो गई थी, जबकि लल्ला सिंह के भाई की कथित तौर पर फरसे से हमला कर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस इस मामले में अब तक 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, घटना के पीछे अवैध रेत खनन और वसूली को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, दोनों परिवारों के बीच रेत घाट और परिवहन को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई थी, जिसके बाद यह खूनी संघर्ष हुआ।

अब राज्य सरकार की मंजूरी के बाद मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपी जाएगी। पीड़ित परिवार को उम्मीद है कि केंद्रीय एजेंसी की जांच से पूरे घटनाक्रम और संभावित साजिश से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।



