बिलासपुर। केंद्रीय जेल में एक बंदी की हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान पैर फिसलने से बंदी गिर पड़ा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई। इलाज के लिए उसे तत्काल सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
यह भी पढ़े :- नौगई अग्निकांड की CBI जांच की मांग तेज, राजपूत संगठनों ने गृहमंत्री विजय शर्मा को सौंपा ज्ञापन
मृतक की पहचान तखतपुर निवासी जनकराम साहू (62) के रूप में हुई है। वह हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और केंद्रीय जेल में निरुद्ध था।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह जनकराम जेल परिसर में स्नान कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह पत्थर से टकराकर गिर पड़ा। सिर में गंभीर चोट लगने के बाद जेल प्रशासन ने उसे तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
घटना के बाद जेल प्रबंधन ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जेल प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि बंदी के फिसलने की वजह स्नान स्थल पर काई के कारण हुई फिसलन थी या हादसे के पीछे कोई अन्य कारण था।
जेल अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया भी पूरी की जा रही है।



