बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जर्जर दीवार अचानक ढह जाने से उसकी चपेट में आकर दो मासूम बच्चियों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
यह भी पढ़े :- कांग्रेस ट्रेनिंग कैंप पर BJP का नया पोस्टर वार, देवेंद्र यादव को बनाया निशाना
यह हादसा नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम राउरपुर में हुआ। मृत बच्चियों की पहचान वंशिका कोशले (11 वर्ष) और राधिका कोशले (7 वर्ष), पिता ओमप्रकाश कोशले के रूप में हुई है। वहीं घायल महिला की पहचान शशिकला के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार दोनों बच्चियां घर के आंगन में मौजूद थीं। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण कमजोर हो चुकी दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में दोनों बच्चियां और पास खड़ी महिला इसकी चपेट में आ गईं।
चीख-पुकार सुनते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दोनों बच्चियों की मौत हो चुकी थी। वहीं महिला की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे रायपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।



