रायपुर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में युवती पूर्णिमा चौहान की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति का गठन किया है। यह समिति घटनास्थल का दौरा कर पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से मुलाकात करेगी तथा अपनी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को सौंपेगी।
यह भी पढ़े :- पुनर्वासित युवाओं से मिले उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर गठित समिति का संयोजक रामकुमार यादव को बनाया गया है। समिति में व्यास कश्यप, शेषराज हरवंश, राघवेंद्र सिंह और बालेश्वर साहू को सदस्य बनाया गया है।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने समिति के सदस्यों को निर्देश दिए हैं कि वे घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की वस्तुस्थिति का प्रत्यक्ष आकलन करें। साथ ही पीड़ित परिवार और ग्रामीणों से चर्चा कर सभी तथ्यों की जानकारी जुटाएं और उसके आधार पर विस्तृत जांच प्रतिवेदन तैयार कर प्रदेश नेतृत्व को सौंपें।
गौरतलब है कि सक्ती जिले के ग्राम जोंगरा में कुछ नकाबपोश युवकों ने युवती पूर्णिमा चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। मामले की पुलिस जांच फिलहाल जारी है। वहीं कांग्रेस ने भी अपने स्तर पर जांच समिति गठित कर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल शुरू करने का फैसला लिया है।



