रायपुर, 27 जून। CGMSC Audit Report : छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेस कॉर्पोरेशन लिमिटेड (CGMSC) की वर्ष 2021 से 2025 तक की आंतरिक ऑडिट रिपोर्ट में वित्तीय प्रबंधन से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक निगम ने करीब 3,261 करोड़ रुपए खर्च दर्शाए, लेकिन इसके मुकाबले केवल 2,125 करोड़ रुपए के उपयोगिता प्रमाण-पत्र (UC) जारी किए गए। यानी करीब 1,136 करोड़ रुपए का अंतर पाया गया है।
ऑडिट में दवा खरीदी, चिकित्सा उपकरणों की खरीद, निर्माण कार्य और बैंक खातों के संचालन में वित्तीय नियमों के उल्लंघन के संकेत मिले हैं। विशेष रूप से डीएचएस इक्विपमेंट मद में 280 करोड़ खर्च के मुकाबले 31.96 करोड़ रुपए के यूसी, जबकि डीएमई इक्विपमेंट में 254 करोड़ रुपए खर्च के मुकाबले केवल 24.98 करोड़ रुपए के यूसी जारी होने का उल्लेख है।
इसके अलावा, 13वें वित्त आयोग की योजना समाप्त होने के बाद भी 48.68 लाख रुपए बैंक खाते में पड़े रहने और उन्हें शासन को वापस नहीं करने का मामला भी सामने आया है। CGMSC के एमडी रितेश अग्रवाल ने ऑडिट रिपोर्ट मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि रिपोर्ट का अध्ययन कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जानिए किस मद में कितना खर्च, कितना अंतर?
आयुष ड्रग
- खर्च: 93.70 करोड़ रुपए
- जारी यूसी: 92.97 करोड़ रुपए
- अंतर: 73.36 लाख रुपए
डीएचएस ड्रग
- खर्च: 1,511.41 करोड़ रुपए
- जारी यूसी: 1,549.95 करोड़ रुपए
- अंतर: 38.53 करोड़ रुपए अधिक यूसी जारी
डीएमई ड्रग
- खर्च: 349.50 करोड़ रुपए
- जारी यूसी: 353.09 करोड़ रुपए
- अंतर: 3.59 करोड़ रुपए अधिक यूसी जारी
आयुष कंस्ट्रक्शन
- खर्च: 48.77 करोड़ रुपए
- जारी यूसी: 28.78 करोड़ रुपए
- अंतर: 19.98 करोड़ रुपए
डीएचएस कंस्ट्रक्शन
- खर्च: 471.73 करोड़ रुपए
- जारी यूसी: 414.55 करोड़ रुपए
- अंतर: 57.17 करोड़ रुपए
आयुष इक्विपमेंट
- खर्च: 26.60 लाख रुपए
- जारी यूसी: 19.41 लाख रुपए
- अंतर: 7.18 लाख रुपए
डीएचएस इक्विपमेंट
- खर्च: 280 करोड़ रुपए
- जारी यूसी: 31.96 करोड़ रुपए
- अंतर: करीब 248 करोड़ रुपए का हिसाब नहीं
डीएमई इक्विपमेंट
- खर्च: करीब 254 करोड़ रुपए
- जारी यूसी: 24.98 करोड़ रुपए
- अंतर: करीब 229 करोड़ रुपए का हिसाब गायब
कुल तस्वीर
- कुल खर्च: 3,261 करोड़ रुपए
- जारी यूसी: 2,125 करोड़ रुपए
- कुल अंतर: 1,136 करोड़ रुपए



