बेमेतरा। जिले के चंदनू थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। ग्राम भदराली में दिनदहाड़े एक 50 वर्षीय व्यक्ति की फरसा से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- टोकन सिस्टम खत्म किया लेकिन खाद तो सोसायटी में है ही नहीं – दीपक बैज
मृतक की पहचान कन्हैया बंजारे (50) के रूप में हुई है, जो नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भदराली का निवासी था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कन्हैया बंजारे और गांव के ही बउवा चतुर्वेदी (65) के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद और रंजिश चली आ रही थी।
बताया जा रहा है कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते रविवार को गांव के चौक में दोनों का आमना-सामना हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी बउवा चतुर्वेदी ने फरसा निकालकर कन्हैया बंजारे पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से कन्हैया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चंदनू थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल किए गए फरसे को भी जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वजहों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।



