अयोध्या, 26 जून। Ram Mandir Donation Theft : अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने भी पद छोड़ दिया है, जबकि मंदिर निर्माण व्यवस्था से जुड़े गोपाल राव को भी जिम्मेदारियों से अलग किए जाने की जानकारी सामने आई है।
यह कार्रवाई उस समय हुई है जब चढ़ावा चोरी मामले में ट्रस्ट सदस्य कृष्ण मोहन की शिकायत पर 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। हालांकि दर्ज FIR में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के नाम शामिल नहीं हैं। मामले की जांच के लिए गठित SIT ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपी थी, जिसके बाद कार्रवाई तेज हुई है।
SIT ने 23 जून को रिपोर्ट सौंपी
चोरी का मामला पहली बार 7 जून को सामने आया। यूपी सरकार ने 13 जून को SIT बनाई। SIT ने 23 जून को एडिशनल चीफ सेक्रेटरी (गृह) संजय प्रसाद को प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी। इसके 2 दिन बाद कार्रवाई हुई और मंदिर से जुड़े 8 लोगों को गिरफ्तार किया।



