रायपुर। अभनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत Jaundi में आयोजित आमसभा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला कथित मारपीट तक पहुंच गया। उपसरपंच ने सरपंच पुत्र समेत कई लोगों पर मारपीट, अभद्रता और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
मिली जानकारी के अनुसार 24 जून को ग्राम पंचायत जौंदी में आमसभा आयोजित की गई थी। बैठक के दौरान Pradhan Mantri Awas Yojana की पात्रता सूची पर चर्चा चल रही थी। सूची में 169 हितग्राहियों के नाम शामिल थे, जबकि करीब 120 लोगों के नाम नहीं होने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उपसरपंच पर नाम कटवाने का आरोप लगाना शुरू कर दिया, जिससे सभा का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
उपसरपंच ने लगाए गंभीर आरोप
उपसरपंच पोखन लाल यदु ने थाना Gobra Navapara Police Station में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि बैठक के दौरान टोमन लाल साहू ने ग्रामीणों को उनके खिलाफ भड़काया।
शिकायत के मुताबिक आमसभा समाप्त होने के बाद कथित तौर पर उनका कॉलर पकड़कर पंचायत भवन के बाहर ले जाया गया, जहां चिंतामणि, टोमन साहू, मिथलेश साहू, अलखराम साहू, बैतल साहू, लेखराम साहू, प्रहलाद साहू और एस कुमार सहित अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की।
कपड़े फाड़े, बाइक भी क्षतिग्रस्त
उपसरपंच का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए और उनकी मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया गया। घटना का वीडियो गांव के एक युवक द्वारा बनाए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस जांच में जुटी
पोखन लाल यदु ने बताया कि मारपीट के दौरान उनके जबड़े में गंभीर चोट आई है और उन्हें लगातार दर्द की शिकायत है। घटना के बाद उन्होंने थाना गोबरा नवापारा पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



