रायपुर। राजधानी के खमतराई थाना क्षेत्र स्थित डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी क्रिकेट मैदान के पास हुई अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़े :- वनांचल में सरकार आपके द्वार: बैगा परिवारों संग भोजन कर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जाना जमीनी हालात
पुलिस के अनुसार, 21 जून 2026 को क्रिकेट मैदान के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और खमतराई पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि किसी ठोस वस्तु से वार कर हत्या की गई है।
बाद में मृतक की पहचान रूपेश सारथी (35 वर्ष), निवासी शहीद नगर खमतराई के रूप में हुई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिवा सोनी उर्फ तुषार को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने एक साथी नाबालिग के साथ मिलकर हत्या की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, घटना के दिन दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। इसी दौरान जीटी कॉम्प्लेक्स के पास किसी बात को लेकर मृतक से विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे जबरन घटनास्थल पर ले जाकर पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी।
जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपियों पर वाहन चोरी के अलग-अलग मामले भी दर्ज हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.60 लाख रुपये बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और वाहन चोरी के मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



