मनेंद्रगढ़, 20 जून। Thunderstorm : एमसीबी जिला मुख्यालय के माहौरपारा स्थित रेलवे कॉलोनी में शुक्रवार देर शाम तेज आंधी और खराब मौसम के कारण बड़ा हादसा हो गया। तेज हवाओं के बीच एक विशाल पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिसकी चपेट में आने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल उसकी स्थिति और घटना में हुए अन्य नुकसान की विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
पेड़ गिरने से इलाके के बिजली तार भी क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे रेलवे कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। कई घरों में अंधेरा छा गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोग भी पेड़ हटाने और व्यवस्था बहाल करने में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। प्रशासन हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।



