रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती से पैसे वसूलने और दबाव बनाकर बंधक बनाए रखने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- बिजली दर वृद्धि पर गरमाई सियासत, टीएस सिंहदेव ने सरकार पर साधा निशाना
मामला सुकमा जिले की रहने वाली युवती किरण नाग से जुड़ा है, जिसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर रायपुर बुलाया गया था।
नौकरी और ट्रेनिंग के नाम पर शुरू हुई ठगी
जानकारी के अनुसार, युवती को खमतराई स्थित श्रीनगर रोड के एक ट्रेनिंग सेंटर में 11 जून को बुलाया गया था। वहां उसे इंटरव्यू और ट्रेनिंग के बाद नौकरी का आश्वासन दिया गया। इसी दौरान उसके शैक्षणिक दस्तावेज, आधार कार्ड और फोटो जमा करा लिए गए।
शुरुआत में रहने-खाने के नाम पर 2500 रुपये लिए गए और चार दिन की ट्रेनिंग के बाद उसे बताया गया कि उसका चयन हो चुका है।
इसके बाद बेहतर पद और 15 हजार रुपये मासिक वेतन वाली नौकरी दिलाने के नाम पर 46 हजार रुपये की मांग की गई।
पैसे नहीं देने पर दबाव और धमकी
पीड़िता के अनुसार, जब उसने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो आरोपियों ने कम वेतन वाली नौकरी का विकल्प देकर भी दबाव बनाया। शिकायत में यह भी आरोप है कि उसे घर की जमीन-जायदाद बेचकर पैसे जुटाने तक के लिए मजबूर किया गया।
परिजनों के मुताबिक, दबाव के चलते 15 हजार रुपये ऑनलाइन भेजे भी गए, लेकिन इसके बावजूद लगातार बाकी 31 हजार रुपये की मांग जारी रही।
मोबाइल पर भी नियंत्रण का आरोप
शिकायत में यह भी कहा गया है कि युवती को केवल पैसे मांगने के लिए ही मोबाइल इस्तेमाल करने दिया जाता था, अन्य समय उसका फोन प्रतिबंधित रखा गया। उसे धमकाया गया कि पैसे न देने पर नौकरी नहीं मिलेगी और उस पर निगरानी रखी जाएगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले की जानकारी मिलने पर परिजन और पुलिस 17 जून को रायपुर पहुंचे, जहां पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद खमतराई पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट होने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



