बिलासपुर। शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने से नाराज एक युवक ने युवती के पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने घर के पास स्थित एक गैरेज में बाइक की मरम्मत करा रहे व्यक्ति पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।
सरनेम बदलकर की थी शादी की पहल
पुलिस जांच और परिजनों के अनुसार, कुदुदंड पानी टंकी के पास रहने वाला साहिल मरावी क्षेत्र की एक युवती से विवाह करना चाहता था। आरोप है कि उसने खुद को साहिल मानिकपुरी बताकर युवती के परिवार से संपर्क किया था, जिसके बाद विवाह को लेकर बातचीत शुरू हुई।
बाद में परिजनों को युवक की वास्तविक पहचान और सरनेम की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने रिश्ता करने से इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रिश्ता टूटने के बाद भी साहिल लगातार शादी के लिए दबाव बना रहा था और परिवार को परेशान कर रहा था। उसकी गतिविधियों से परेशान होकर परिवार ने अपना किराए का मकान छोड़कर दूसरी जगह शिफ्ट होने की तैयारी भी शुरू कर दी थी।
गैरेज में घेरकर किया हमला
सोमवार सुबह करीब 11 बजे युवती के पिता मोहितदास मानिकपुरी अपनी बाइक की मरम्मत कराने घर के पास स्थित एक गैरेज पहुंचे थे। इसी दौरान साहिल मरावी चाकू लेकर वहां पहुंच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने बिना किसी विवाद या बातचीत के मोहितदास पर हमला कर दिया और सीने व पीठ पर लगातार कई वार किए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद मोहितदास ने हमलावर का विरोध किया और उसे पकड़ने का प्रयास किया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
गैरेज में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी युवक पीड़ित पर एक के बाद एक कई बार चाकू से हमला करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में यह भी नजर आता है कि गंभीर चोट लगने के बावजूद पीड़ित हमलावर का मुकाबला करने की कोशिश कर रहा है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
भागते समय गिरा, पुलिस ने दबोचा
हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने के दौरान आरोपी गिर पड़ा, जिससे उसके पैर में चोट आई। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
पहचान छिपाने और दबाव बनाने के आरोप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने विवाह की बातचीत के दौरान अपनी पहचान को लेकर गलत जानकारी दी थी। रिश्ता टूटने के बाद वह लगातार युवती और उसके परिवार पर दबाव बना रहा था।
पुलिस अब आरोपी की मंशा, पूर्व गतिविधियों और पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।