नई दिल्ली। भीषण गर्मी से जूझ रहे देशवासियों को अब राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों के दौरान देश के 16 राज्यों में तेज आंधी, तूफान और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बारिश के बाद तापमान में 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है।
यह भी पढ़े :- चूल्हा और सिंक साथ होने से क्यों माना जाता है वास्तु दोष?
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहने तथा आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है।
इन राज्यों में अलर्ट जारी
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, झारखंड, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, केरल और कर्नाटक में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में 29 मई से 31 मई तक मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। IMD ने तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। 1 और 2 जून को भी बादल छाए रहने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी और ओलावृष्टि
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में धूल भरी आंधी और तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हवाओं की रफ्तार 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी तेज हवाओं और बारिश का अनुमान है।
बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
पटना, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर समेत कई जिलों में 29 और 30 मई को भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना है। मौसम विभाग ने 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है।
राजस्थान में गर्मी से राहत
जयपुर, जोधपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर और बीकानेर संभाग में 29 मई से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। अगले तीन दिनों तक रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
मध्य प्रदेश में आंधी-बारिश की चेतावनी
मुरैना, दतिया, छतरपुर, रीवा, सिवनी और बालाघाट समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। भोपाल में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी जताई गई है। वहीं हिमाचल के शिमला, कुल्लू और मनाली समेत कई क्षेत्रों में तूफानी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
झारखंड और ओडिशा में ऑरेंज अलर्ट
झारखंड के 20 जिलों में 30 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं ओडिशा में 3 जून तक कई जिलों में आंधी, बारिश और तूफानी हवाओं को लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रमुख शहरों का तापमान (29 मई)
| शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
|---|---|---|
| दिल्ली | 35°C | 25°C |
| मुंबई | 34°C | 31°C |
| चेन्नई | 36°C | 29°C |
| कोलकाता | 33°C | 26°C |
| लखनऊ | 33°C | 25°C |
| पटना | 30°C | 26°C |
| रांची | 32°C | 23°C |
| भोपाल | 41°C | 27°C |
| जयपुर | 39°C | 24°C |
| शिमला | 26°C | 16°C |
| नैनीताल | 25°C | 17°C |
मौसम विभाग के अनुसार मानसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में दस्तक दे सकता है।




