रायपुर। महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में आज रायपुर नगर निगम की एमआईसी (MIC ) बैठक संपन्न हुई। बैठक में शहर विकास, पेयजल व्यवस्था, निर्माण कार्यों और जनसुविधाओं से जुड़े कुल 18 एजेंडों पर चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
यह भी पढ़े :- Eid-ul-Adha : छत्तीसगढ़ में बकरीद को लेकर नई गाइडलाइन…! अलग-अलग शिफ्ट में होगी नमाज…मस्जिदों में शिफ्ट सिस्टम लागू
बैठक के बाद महापौर मीनल चौबे ने जानकारी देते हुए बताया कि जर्जर हो चुकी पुरानी नगर निगम बिल्डिंग के पुनर्विकास की तैयारी की जा रही है। इसके लिए कमर्शियल मॉडल पर परियोजना विकसित करने की योजना बनाई जा रही है, जिससे शहर को आधुनिक सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने बताया कि नवीन मार्केट क्षेत्र के विकास को लेकर कुछ व्यावहारिक चुनौतियां सामने आई हैं। इन मुद्दों पर विस्तृत चर्चा के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी।
बैठक में प्राथमिकता वाले निर्माण कार्यों के लिए संकल्प सोसायटी के माध्यम से करीब 10 लाख रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की गई।
वहीं आमानाका क्षेत्र में प्रस्तावित गार्बेज डिपो परियोजना को लेकर महापौर ने बताया कि इस संबंध में पहले ही एमओयू किया जा चुका है, जिसकी अवधि 31 अक्टूबर 2026 तक प्रभावी रहेगी।
एमआईसी बैठक में महादेव घाट के जीर्णोद्धार प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इसके अलावा शहीद आकाश राव गिरपुंजे की प्रतिमा लाखे नगर चौक में स्थापित करने का प्रस्ताव भी सामने आया है।
महापौर मीनल चौबे ने शहर में बढ़ती पानी की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि यह समस्या केवल कुछ दिनों की नहीं है, बल्कि लगातार गिरते भूजल स्तर के कारण स्थिति गंभीर होती जा रही है। उन्होंने जल संरक्षण और दीर्घकालिक समाधान की आवश्यकता पर जोर दिया।



