मनेन्द्रगढ़। ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री के समक्ष सार्वजनिक मंच से स्थानीय विधायक की कार्यशैली पर सवाल उठाने का एक भाजपा नेता को भारी पड़ गया है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कोरिया जिला महामंत्री मनोज साहू को पार्टी की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्हें सात दिनों के अंदर लिखित जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।

मामला 21 मई को ग्राम कुशहा में आयोजित ‘सुशासन तिहार’ कार्यक्रम से जुड़ा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में मनोज साहू ने कहा था कि क्षेत्रीय विधायक सोनहत क्षेत्र में भ्रमण नहीं कर रहे हैं। उनके इस बयान से कार्यक्रम में सनसनी फैल गई थी।
प्रेसवार्ता के दौरान जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से इस मुद्दे पर सवाल किया गया तो उन्होंने इसे पार्टी का आंतरिक मामला बताते हुए कहा कि यह ‘सुशासन तिहार’ का विषय नहीं है।
इस घटना के बाद भाजपा कोरिया जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी ने मनोज साहू को कारण बताओ नोटिस जारी किया। नोटिस में पूछा गया है कि सार्वजनिक मंच पर पार्टी और जनप्रतिनिधि के विरुद्ध बयान देने के पीछे उनका क्या तर्क है।



