रायपुर। राजधानी के गंज थाना क्षेत्र स्थित चूनाभट्टी रेलवे फाटक के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान खमतराई निवासी बिट्टू के रूप में हुई है।
सेंट्रल जोन डीसीपी उमेश गुप्ता के मुताबिक, पुलिस को चूनाभट्टी रेलवे फाटक के पास शव मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल टीम को मौके पर भेजा गया। शुरुआती जांच के दौरान युवक की पहचान खमतराई निवासी बिट्टू के रूप में की गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है।
डीसीपी ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मामला हत्या का है या किसी दुर्घटना से जुड़ा हुआ है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
घटनास्थल और उसके आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही रेलवे फाटक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि युवक की गतिविधियों और किसी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी मिल सके।
गौरतलब है कि गंज थाना क्षेत्र में दो दिनों के भीतर शव मिलने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले भी भ्रमार कुमार चटर्जी का शव बरामद हुआ था। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।
अब पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के आधार पर मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।



