रायपुर। करोड़ों रुपये की जमीन से जुड़े कथित धोखाधड़ी मामले में सिम्पलेक्स कास्टिंग्स की प्रबंध निदेशक (एमडी) संगीता केतन शाह और उनके पति केतन शाह के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद मामला लगातार चर्चा में है। गिरफ्तारी की आशंका के बीच संगीता शाह ने दंतेवाड़ा में पदस्थ पुलिस अधिकारी विशाल सोन पर ब्लैकमेलिंग और कंपनी की चल-अचल संपत्तियों को हड़पने की साजिश रचने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
संगीता शाह ने अखबारों में जारी एक आम सूचना के माध्यम से दावा किया कि विशाल सोन वर्ष 2013-14 में दुर्ग जिले में थाना प्रभारी के रूप में पदस्थ थे। उसी दौरान दोनों की पहचान हुई थी। कंपनी क्षेत्र में पदस्थ होने के कारण उनका कंपनी में आना-जाना बढ़ा।
उन्होंने आरोप लगाया कि विशाल सोन ने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से करीबी संबंध होने का हवाला देते हुए उन्हें वैशाली नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का टिकट दिलाने का भरोसा दिलाया था। शाह के मुताबिक, टिकट दिलाने और वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कराने के नाम पर उनसे कई बार पैसे भी लिए गए।
संगीता शाह ने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान विशाल सोन ने फर्जी मेडिकल लीव लेकर अपनी ड्यूटी से छुट्टी ली और चुनावी गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल रहे। उन्होंने दावा किया कि सोन रैलियों और प्रचार-प्रसार में भी साथ नजर आए।
आम सूचना में शाह ने कहा कि कंपनी में लगातार आने-जाने के कारण विशाल सोन को कंपनी के आंतरिक विवादों की जानकारी हो गई थी। इसका फायदा उठाते हुए उन्होंने अपने पद और संपर्कों का इस्तेमाल कर कंपनी के विवाद सुलझाने का भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में कथित तौर पर कंपनी की संपत्तियों पर कब्जा करने की साजिश शुरू कर दी।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलगांव स्थित जमीन, कोहका-जुनवानी स्थित भूमि, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, कंपनी के वाहन सहित अन्य चल-अचल संपत्तियों को विवादित कर धोखाधड़ीपूर्वक कब्जे में लेने की कोशिश की गई।
संगीता शाह के अनुसार, उन्होंने 6 फरवरी 2026 को पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि विशाल सोन बड़े अधिकारियों, नेताओं और मंत्रियों से संबंध होने का हवाला देकर कंपनी को बंद करवाने और सड़क पर लाने की धमकी देकर उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं। शाह का कहना है कि इन घटनाओं के कारण वह मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान हैं तथा परिवार से अलग रहने को मजबूर हैं।
फिलहाल मामले को लेकर पुलिस या विशाल सोन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।