रायपुर। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के बाद राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखी जा रही है। शुक्रवार सुबह से रायपुर के अधिकांश फ्यूल स्टेशनों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई पंपों पर लाइनें 100 मीटर तक पहुंच गईं।
यह भी पढ़े :- सट्टा सिंडिकेट विवाद में भूपेश बघेल, ओपी चौधरी और टीएस सिंहदेव के बीच तीखी सियासी बयानबाजी
नई दरों के अनुसार रायपुर में पेट्रोल की कीमत अब ₹103.58 प्रति लीटर और डीजल ₹96.57 प्रति लीटर हो गई है। कीमत बढ़ने की खबर फैलते ही लोग फुल टैंक कराने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे।
प्रशासन का आश्वासन
रायपुर कलेक्टर ने गुरुवार को पेट्रोल पंप एसोसिएशन और तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में स्पष्ट किया गया कि शहर में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और किसी भी प्रकार की कमी नहीं है।
कलेक्टर ने कहा कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर जरूरत से ज्यादा ईंधन न खरीदें। सप्लाई व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए डिपो से 24 घंटे ईंधन आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं। पहले टैंकरों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक ही प्रवेश की अनुमति थी, अब इसे पूर्ण रूप से हटा दिया गया है।
कुछ पंपों पर उपलब्धता की शिकायत
हालांकि कुछ वाहन चालकों का कहना है कि शहर के कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन कम पड़ने के कारण उन्हें लंबी लाइनों में इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोगों ने आशंका जताई कि आगे कीमतें और बढ़ सकती हैं, इसलिए वे अभी से अतिरिक्त मात्रा में ईंधन भरवा रहे हैं। प्रशासन ने पेट्रोल पंप मालिकों को भी निर्देश दिए हैं कि वे स्टॉक की नियमित जानकारी दें और किसी भी स्थिति में कृत्रिम कमी न पैदा होने दें।



