रायपुर, 15 मई। Dead Body Found : रायपुर ज़िले के अभनपुर इलाके में एक बार फिर संदिग्ध परिस्थितियों में एक शव मिलने से सनसनी फैल गई है। शराब की दुकान और अभनपुर के बीच स्थित एक नाले में एक व्यक्ति का शव, उसकी मोटरसाइकिल के साथ मिला है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि बाइक का संतुलन बिगड़ने से व्यक्ति नाले में जा गिरा, जिससे उसकी मौत हो गई।
रात से लापता था मृतक
मृतक की पहचान गंगादीन साहू (57 वर्ष) पिता स्वर्गीय सुखाऊ साहू, निवासी गिरोला गांव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक गंगादीन साहू बीती रात से लापता थे और उनकी लगातार तलाश की जा रही थी। शुक्रवार सुबह स्थानीय लोगों ने नाले में बाइक सहित शव देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। फिलहाल पुलिस हादसे और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
इलाके में चर्चा का माहौल
घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। स्थानीय लोग हादसे को लेकर अलग-अलग आशंकाएं जता रहे हैं, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।



