सारंगढ़-बिलाईगढ़, 11 मई। Food Poisoning : जिले के रेड़ा गांव में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है, जिसमें दर्जनों ग्रामीणों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सभी प्रभावित लोगों ने रात में गोलगप्पे (फुलकी) खाए थे, जिसके कुछ ही घंटों बाद बच्चों, युवाओं और महिलाओं सहित कई लोगों को उल्टी, दस्त, बुखार और शरीर दर्द की शिकायत होने लगी।
स्थिति बिगड़ने पर करीब 20 से 25 ग्रामीणों को आधी रात जिला अस्पताल सारंगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां सभी का इलाज जारी है। एक ही मोहल्ले के कई लोग बीमार होने से स्थानीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है।
परिजनों ने तत्काल बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाया, जिसके बाद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। मरीजों ने बताया कि तबीयत बिगड़ने की वजह उन्होंने फुलकी खाना बताया है। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
विभाग का कहना है कि खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जा रहे हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही फूड प्वाइजनिंग के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल सभी मरीजों की हालत पर निगरानी रखी जा रही है और स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।



