कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पांडातराई थाना क्षेत्र के गड़ाई गांव के पास फोक नदी के पुल पर हुआ।
यह भी पढ़े :- WB Assembly Election : बंगाल में बड़ा उलटफेर…? पश्चिम बर्द्धमान की सभी 9 सीट पर BJP आगे…RG कर पीड़िता की मां आगे
मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर के बिरगांव क्षेत्र के रहने वाले कुछ युवक पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। समारोह के बाद सभी युवक कार से वापस रायपुर लौट रहे थे। इसी दौरान गड़ाई गांव के पास फोक नदी के पुल पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी।
कार में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें से 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन के रूप में हुई है। वहीं, जुनैद रज़ा और आरज़ू खान गंभीर रूप से घायल हैं।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर किया गया है।
मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद पंडरिया स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।



