बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में जनगणना कार्य के दौरान एक शिक्षक के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। बिल्हा ब्लॉक के ग्राम घोघरा में ड्यूटी पर पहुंचे शिक्षक के साथ एक युवक ने तीन बार मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित शिक्षक की शिकायत पर बिल्हा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- Bus Accident : छत्तीसगढ़ में बड़ा सड़क हादसा…! कोरबा से सरायपाली जा रही यात्रियों से भरी बस पलटी…कई घायल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 10 बजे शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला उड़नताल में पदस्थ शिक्षक नेतराम पैकरा जनगणना कार्य के सिलसिले में ग्राम घोघरा पहुंचे थे। इसी दौरान मकान नंबर 141 के पास गांव के ही निर्मल सतनामी ने उन्हें रोकते हुए सवाल-जवाब किया और अचानक मारपीट शुरू कर दी।
शिक्षक ने तहसीलदार द्वारा जारी पहचान पत्र दिखाकर अपनी ड्यूटी के बारे में बताया, लेकिन आरोपी ने आईडी को फर्जी बताते हुए दोबारा हमला कर दिया। किसी तरह जान बचाकर शिक्षक पंचायत भवन पहुंचे और सरपंच को घटना की जानकारी दी, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गया और फिर से मारपीट करते हुए शिक्षक का आईडी कार्ड और शर्ट फाड़ दी।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला। इसके बाद जब शिक्षक दगौरी की ओर जाने निकले, तो आरोपी ने रंजिशवश उनका चुराघाट तक पीछा किया।
घटना के बाद शिक्षक भयभीत हैं। उन्होंने पूरे मामले की जानकारी प्रशासनिक और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दी, जिसके बाद उन्हें पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




