लोकेश्वर सिन्हा
गरियाबंद। जिले के देवभोग क्षेत्र में पिछले 36 घंटों के भीतर तीसरी बार भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, जिससे इलाके में डर का माहौल बना हुआ है। आज शुक्रवार दोपहर करीब 2:20 बजे फिर धरती कांपी, जिसके बाद लोग घरों से बाहर निकल आए।
जानकारी के अनुसार, इससे पहले गुरुवार रात 7:20 बजे भी झटके महसूस किए गए थे। वहीं एक दिन पहले आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 0.7 दर्ज की गई थी, जो बेहद हल्की श्रेणी में आती है। लगातार झटकों के कारण ग्रामीणों में भय और चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। विशेषज्ञों के अनुसार, हल्के झटके भूगर्भीय हलचल का संकेत हो सकते हैं, लेकिन फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचना देने की अपील की है।



