रायपुर। पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 2.10 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपए बताई गई है।
यह भी पढ़े :- ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा पर बड़ी कार्रवाई: 2 आरोपी गिरफ्तार, 5 लाख नगद जब्त
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिवनी तालाब के पास एक व्यक्ति अवैध गांजा बिक्री के लिए खड़ा है। सूचना मिलते ही थाना मुजगहन की टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदेही को पकड़ा।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक पैकेट में रखा 2.10 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तरुण रात्रे (28 वर्ष), निवासी ग्राम भटगांव, थाना मुजगहन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 11 मामले दर्ज हैं।
इनमें एनडीपीएस, मारपीट, जुआ, हत्या के प्रयास, चाकूबाजी, आर्म्स एक्ट, अपहरण और दुर्घटना जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। आरोपी को मुजगहन थाना का गुंडा बदमाश भी बताया गया है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मुजगहन में अपराध क्रमांक 82/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।



