रायपुर, 13 अप्रैल। Population Census Update : राज्य में आगामी जनगणना को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ और जनगणना कार्य निदेशक ने प्रेस वार्ता कर पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, इस बार जनगणना दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहला चरण मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का होगा, जो 1 मई से 30 मई 2026 तक चलेगा। इसके बाद दूसरा चरण फरवरी 2027 में जनसंख्या गणना के रूप में आयोजित किया जाएगा। इस बार की जनगणना खास इसलिए है क्योंकि यह पूरी तरह डिजिटल मोड में होगी। नागरिकों को स्वयं ऑनलाइन जानकारी भरने का विकल्प भी मिलेगा। इसके लिए 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक Self Enumeration (स्व-गणना) की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
ऑनलाइन खुद भरें जानकारी
स्व-गणना के बाद हर व्यक्ति को एक SE ID जनरेट की जाएगी, जिसके आधार पर प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी का सत्यापन करेंगे। पहले चरण में सर्वे के दौरान घर-घर जाकर करीब 33 सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें मकान की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और परिवार से जुड़ी अहम जानकारी शामिल होगी। यह पूरी प्रक्रिया मोबाइल ऐप के जरिए डिजिटल रूप में संपन्न की जाएगी। यह जनगणना कार्य जनगणना (Population Census Update) अधिनियम 1948 के तहत किया जाएगा, जिसके अंतर्गत सभी नागरिकों को सही जानकारी देना अनिवार्य होता है।


