बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मातृ वंदन योजना की राशि दिलाने का झांसा देकर एक शातिर ठग ने ग्रामीण महिलाओं से करीब 88,400 रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। आरोपी ने खुद को सिम्स अस्पताल का डॉक्टर बताकर भरोसा जीता और फिर बैंक डिटेल्स हासिल कर रकम पार कर दी। ठगी का पता चलने पर पीड़ित महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
मितानिनों को बनाया निशाना, पहले भरोसा फिर वार
जानकारी के अनुसार, ग्राम भेड़ीमुड़ा की चंचल कश्यप, ममता कश्यप और आकांक्षा कश्यप मितानिन के रूप में काम करती हैं। 9 अप्रैल को उमादेवी कश्यप के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को जिला अस्पताल का डॉक्टर बताते हुए वार्ड और हितग्राहियों की सटीक जानकारी देकर भरोसा जीत लिया।
“खाते में पैसा डालो, तुरंत मिलेगा 6 हजार”
ठग ने महिलाओं से पूछा कि उन्हें मातृत्व वंदना योजना के 6 हजार रुपए मिले हैं या नहीं। जब महिलाओं ने मना किया, तो उसने कहा कि खाते में पहले 5 हजार रुपए जमा कराओ, तभी योजना की राशि तुरंत ट्रांसफर होगी।
भरोसे में आकर महिलाओं ने अपने खातों में पैसे डलवाए, जिसके तुरंत बाद रकम ऑनलाइन कटने लगी।
अलग-अलग तरीके से तीन महिलाओं से ठगी
चंचल कश्यप के खाते से करीब 5,700 रुपए पार हो गए। ममता कश्यप से बैंक डिटेल्स लेकर छोटे-छोटे ट्रांजेक्शन के जरिए रकम निकाली गई।
आकांक्षा कश्यप के खाते से सबसे बड़ी ठगी हुई, जिसमें 8 बार में कुल 80,000 रुपए ट्रांसफर कर लिए गए। पीड़ित महिलाओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब मोबाइल नंबर और बैंक ट्रांजेक्शन के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।



