गरियाबंद, 11 अप्रैल। Kidney Disease Village : छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले से एक बार फिर डराने वाली तस्वीर सामने आ रही है। कभी पूरे देश में सुर्खियों में रहा सुपेबेड़ा गांव अब अकेला नहीं रहा, फिंगेश्वर क्षेत्र का पथर्री गांव भी धीरे-धीरे ‘किडनी प्रभावित गांव’ की पहचान लेने लगा है।
गरियाबंद में चौंकाने वाला खुलासा
गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर क्षेत्र के पथर्री गांव में किडनी बीमारी का खतरा (Kidney Disease Village) बढ़ता जा रहा है। 7 लोगों की मौत और 10 से ज्यादा प्रभावित होने के बाद ग्रामीणों में दहशत, पानी की गुणवत्ता पर सवाल। चर्चित सुपेबेड़ा गांव के बाद अब फिंगेश्वर क्षेत्र का पथर्री गांव भी ‘किडनी प्रभावित गांव’ के रूप में उभरता दिख रहा है।
10 लोग बीमार, 7 की मौत
ग्रामीणों के मुताबिक गांव में करीब 10 लोग किडनी की बीमारी से जूझ रहे हैं, जबकि पिछले 2 से 3 साल के भीतर 7 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार बढ़ते मामलों ने पूरे गांव में दहशत का माहौल बना दिया है।
पानी पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा कराई गई पानी की जांच में कुछ स्रोतों का पानी पीने योग्य नहीं पाया गया है। इसके बाद से ग्रामीणों में डर और भी बढ़ गया है कि कहीं यही पानी बीमारी की वजह तो नहीं।
प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि स्थिति गंभीर होने के बावजूद प्रशासन इस मामले को लेकर संवेदनशील नहीं दिख रहा है। लोगों का कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो हालात और बिगड़ सकते हैं।
शिविर लगाने की मांग
गांव के लोगों ने स्वास्थ्य शिविर लगाने और प्रभावित लोगों की जांच व इलाज की उचित व्यवस्था करने की मांग की है। उनका कहना है कि तत्काल मेडिकल जांच और साफ पानी की व्यवस्था बेहद जरूरी है।



