राजनांदगांव। महादेव ऑनलाइन सट्टा घोटाले के बाद अब ‘सांई सट्टा ऐप’ के जरिए चल रहे हाईटेक ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। आईपीएल मैच शुरू होते ही सट्टेबाज फिर सक्रिय हो गए हैं। राजनांदगांव पुलिस ने सोमवार को एक फार्महाउस में छापेमारी कर इस अवैध सट्टा रैकेट का पर्दाफाश किया। कार्रवाई में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 2 आरोपी फरार हैं।
यह भी पढ़े :- बढ़ते अपराधों में कमी दिखाने थानों में एफआईआर नहीं लिखा जा रहा – कांग्रेस
पुलिस को मिली सूचना के आधार पर फार्महाउस पर छापा मारा गया। जांच में पता चला कि यहां ‘सांई ऐप’ के माध्यम से हर बॉल और हर ओवर पर लाखों रुपये का दांव लगाया जा रहा था। सट्टा कोड वर्ड में लिखा जा रहा था और पूरा नेटवर्क मोबाइल, लैपटॉप तथा अन्य डिजिटल उपकरणों के जरिए संचालित हो रहा था।
जब्त की गई सामग्री
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 2 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 7 मोबाइल फोन, 1 मोटरसाइकिल, 3 चार्जर और नगदी 1,000 रुपये जब्त किए हैं। सट्टा-पट्टी में करीब 9 लाख 20 हजार रुपये का हिसाब-किताब दर्ज मिला है। कुल जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत 5 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार व फरार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में वीरू प्रजापति, रूपेश पाण्डे, आयुष मेश्राम, मोहित देवांगन और लक्की देवांगन शामिल हैं।
फरार आरोपियों में मूलचंद देवांगन और नागपुर (महाराष्ट्र) निवासी सादिक खान शामिल हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7, 8, भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 112 (संगठित अपराध) तथा आईटी एक्ट की धारा 66(डी) के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आईपीएल के दौरान ऑनलाइन सट्टा रैकेट सक्रिय हो जाते हैं, इसलिए पूरे जिले में निगरानी बढ़ा दी गई है। ऐसे रैकेटों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी।



