बलरामपुर। वन विभाग की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी में संलिप्त गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो तेंदुए की खाल बरामद की गई।
यह भी पढ़े :- Fire Incident : रायपुर में दो जगह आग…! अपार्टमेंट की लिफ्ट से उठा धुआं…गोदाम भी धधका…बाल-बाल बचे लोग
जानकारी के अनुसार, वन मंत्री के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (मध्य क्षेत्र) भोपाल, राज्य उड़नदस्ता रायपुर और वनमंडल बलरामपुर की टीम ने 2 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। टीम ने थाना बसंतपुर क्षेत्र के ग्राम जमई मोड़ के पास मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली, जिसमें एक तेंदुए की खाल बरामद हुई। पूछताछ में अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी मिली और उनकी गिरफ्तारी के दौरान एक और खाल जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी झारखंड, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के निवासी हैं और अंतरराज्यीय वन्यजीव तस्करी में शामिल पाए गए। सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले की विस्तृत जांच जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।



